यह ब्लॉग खोजें

लोड हो रहा है. . .

छपाक

ताकि ठहरे हुए पानी में हलचल शुरू हो

रविवार, १७ जनवरी २०१०

ताज़ा हवा के झोंके की तरह जल्द आ रहा है........



न्यूज़ पोर्टल्स की भीड़ से अलग आम आदमी के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जल्द ही लोकमोर्चा डाट कॉम का अवतार होने वाला है. लोकमोर्चा डाट कॉम सिर्फ एक पोर्टल नहीं बल्कि रोज़ की दिनचर्या में आम आदमी का साथी बनेगा. इन्टरनेट न्यूज़ के बढते पाठकों- दर्शकों को ये अत्रिअतुल्य इंटरप्राइज़ज की एक अनोखी सौगात होगी. इस पोर्टल पर अंतररास्ट्रीय, रास्ट्रीय और छेत्रिय खबरों का प्रसार किया जायेगा. साथ ही मनोरंजन, स्वास्थ्य, अर्थ, खेल, ज्योतिष आदि पर उपयोगी सामग्री भी होगी. इस पोर्टल पर और भी होगा बहुत कुछ जो अभी तक किसी और पोर्टल पर नहीं है. तो इंतज़ार कीजिये. बहुत जल्द आ रहा है लोकमोर्चा डाट कॉम!

बुधवार, ६ जनवरी २०१०

दोस्त-दोस्त ना रहा

अजय कुमार सिंह

दोस्ती निभाने के मामले में मुलायम सिंह यादव का रिकॉर्ड बहुत खराब हो गया है। वैसे कुछ लोगों को ये भी लगने लगा है कि कभी खुद को धरतीपुत्र और समाजवादी कहने वाले मुलायम की, एन.टी.रामाराव जैसी गति हो सकती है। लेकिन दिक्कत यह है कि तेलगुदेशम पार्टी की तरह समाजवादी पार्टी में अभी तक कोई चन्द्रबाबू नायडू नहीं उभरा है, जो पार्टी को संभाल सके। बहरहाल, मुलायम का जो भी होगा उसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार भी वही होंगे। अभी तो हम उन्हें अमर सिंह द्वारा ताज़ा-ताज़ा दिए गए जख्मों पर लगाने के लिए सिर्फ जुबानी मरहम ही दे सकते हैं। वैसे यह देखना भी जरुरी है कि सालों से चली आ रही इस दोस्ती की टूटन में ज्यादा जख्म, मुलायम को मिलें हैं या अमर को। अमर, लम्बे अरसे से पार्टी में सिर्फ मुलायम के भरोसे थे। घोर परिवारवादी मुलायम- रामगोपाल, अखिलेश, शिवपाल और धर्मेन्द्र से उनकी रछा करते भी तो कब तक। यह ठीक है कि अमर, सपा के फंड मैनेज़र रहे हैं लेकिन लम्बे समय तक 'फटहा' पहन कर, पोलिटिक्स करने वाले समाजवादियों को 'फंडिंग' का महत्त्व समझाकर मुलायम, आखिर कब तक चुप कराते। फिरोजाबाद में मुलायम की पतोहू डिम्पल हारी तो सबकी आँखों में 'अमर' शूल की तरह चुभने लगे। सबको लगा कि राजबब्बर ने अमर से नाराज़ होकर पार्टी ना छोड़ी होती तो आज यह दिन ना देखना पड़ता। फिरोजाबाद की हार के पहले आम लोकसभा चुनाव में भी मुलायम हार का सामना कर चुके थे। इत्तेफाक से तब आज़म खान ने भी पार्टी छोड़ते वक्त अमर को ही निशाना बनाया था। कल्याण सिंह सपा में आकर फेल हुए तो उन्हें सपा में लाने का ठीकरा भी अमर के सिर ही फोड़ा गया। दरअसल कई सालों से अमर को लगने लगा था कि सपा में अच्छी बातों का श्रेय तो उन्हें मिलता नहीं लेकिन हर बुरी चीज़ का ठीकरा उन्हीं पर फोड़ा जाता है। अमर सिंह-'अमिताभ, संजय दत्त, जया प्रदा, अनिल अम्बानी, जया बच्चन से लगायत क्लिंटन और हिलेरी तक को पार्टीहित में साध लें, तो कोई चर्चा नहीं होती।' उल्टे मोहन सिंह, रेवती रमण सिंह, जनेश्वर मिश्र और रामगोपाल यादव जैसे पढ़े-लिखे नेता, उनका मज़ाक ही उड़ाते हैं। मोहन सिंह ने हाल ही में वाराणसी में बोलते हुए कहा कि ,''अब ये दिन आ गया है कि उनके जैसे समाजवादी को चुनाव लड़ने के लिए अमर सिंह 'जैसों से' पैसा लेना पड़ता है।'' जबाब में अमर ने कहा था कि "तो क्या अगले चुनाव में मोहन सिंह को सिर्फ समाजवाद पर कुछ किताबें भिजवा दूं! मोहन सिंह को अगर यही कहना था तो फिर उन्होंने रूपया लिया ही क्यों?"

कुछ दिन पहले ही जब अमर ने एक टीवी चैनल के इंटरव्यू में पार्टी हाईकमान के अतिआत्मविश्वास को फिरोजाबाद की हार के लिए जिम्मेदार ठहराया तो रामगोपाल यादव ने उन्हें उनकी हैसियत बताने में जरा भी देर नहीं लगाई थी। अमर, अगर मुलायम की कमजोरी ना होते तो शायद तभी उनके रास्ते अलग हो गए होते। मुलायम अपने पूरे कुनबे के साथ अमर को मनाने ना पहुंचे होते। लेकिन उसके बाद अभी एक-दो दिन पहले ही फिर रामगोपाल ने अमर को एक ऐसी चिठ्ठी लिखी जिसमे मुलायम और जनेश्वर को पार्टी का नेता और बाकी सब (अमर सहित) को सहयोगी बताया गया था। जो पार्टी, दशकों से संघर्ष का रास्ता भूलकर सिर्फ अमर सिंह के फंड और उनकी बदौलत वाली वालीवुड के ग्लैमर पर चल रही हो वहां अमर, भला इतनी बेईज्ज़ती, सहते भी तो कैसे? वैसे अमर और समाजवादी पार्टी की टूटन से घाटा या मुनाफा, अगले चुनावों में, समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन से, मापा जायेगा। अगर सपा अच्छा प्रदर्शन करती है तो माना जायेगा की अमर की वजह से उसकी तेज़स्विता धूमिल हो रही थी. वरना माना जायेगा कि अमर ने वक्त रहते सही राह चुन ली। वैसे इतना तो तय है कि अमर की नज़रों में अब सपा का कोई भविष्य नहीं बचा है। अमर को लगने लगा था कि वे पार्टी पर जितना लगाते या लगवाते हैं पार्टी उतना रिकवर नहीं कर पा रही है. और ना ही आगे करने की कोई उम्मीद है। यूपी में माया के बाद लगता है मुलायम की जगह कांग्रेस लेने लगी है। दिल्ली में अमर ना हों तो सपाइयों को भला कौन पूछेगा। अमर सिंह फिलहाल बीमार हैं। लेकिन इतने भी नहीं कि अपना फायदा भूल जाएँ। इस्तीफ़ा देने के पहले उन्होंने कम से कम सौ बार सोचा होगा। निश्चित ही हर बार उन्हें पार्टी से दूरी, पार्टी की नजदीकी से, ज्यादा फायदेमंद लगी होगी। तभी उन्होंने इस्तीफ़ा दिया है। लेकिन अरब टके का सवाल ये है कि इस्तीफ़ा देने के बाद खाली वक्त में अमर क्या करेंगे। बच्चों का होमवर्क कराएँगे? बच्चन परिवार की स्थाई सदस्यता के नाते ऐश्वर्या की गोद जल्दी भरने की दुवाएं मांगेंगे? टीना-अनिल अम्बानी को मंदिरों के दर्शन कराएँगे? या फिर अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस में नई नौकरी तलाशेंगे!

रविवार, ३ जनवरी २०१०

उत्तरायण गच्छामि!


अजय कुमार सिंह
सूर्य १५ जनवरी को उत्तरायण में प्रवेश करेंगे। इस दिन पूरे देश में उत्सव होगा। कहीं मकर संक्रांति, कहीं खिचड़ी, कहीं पोंगल तो कहीं लोहड़ी। मान्यता के अनुसार इसी दिन से कड़ाके की ठण्ड भी अपना मिजाज़ बदल लेगी। मौसम में खुशगवारी आ जाएगी। कलियाँ फूल की शक्ल ले लेंगी तो पेड़ों पर आई नई पत्तियां चारों ओर हरयाली के मनमोहनी नज़ारों को नुमाया कराएंगी। ऐसे मौसम में पशु-पछी-पेड़-पौधे और सृष्टि के अन्य भौतिक-लौकिक, चर-अचर अकस्मात् कुछ अधिक सुन्दर लगने लगेंगे। स्वाभाविक है कि इंसानों पर भी इसका असर पड़ेगा। हमारे यहाँ बसंत में लोगों पर चढ़ा प्रेम का मद फाल्गुन आते-आते चरम पर होता है। सृष्टि के साथ-साथ उसमे शामिल हर वस्तु प्यारी लगने लगती है। विशेषकर विपरीत लिंग के प्रति आसक्ति बढ़ जाती है। किशोरावस्था में तो ह्रदय की धडकनों पर कोई जोर ही नहीं होता। हमारे यहाँ पश्चिम की तरह वेलेंटाईन डे मनाने का प्रचलन दो दशक पहले ही शुरू हुआ है लेकिन प्रेम प्रदर्शन की परम्परा अत्यंत प्राचीन है। कालिदास के शाकुंतलम या वात्सायन के कामसूत्र से ही नहीं बल्कि देश के कोने-कोने की लोकसंस्कृति में प्रेमी-प्रेयसी के वार्तालाप और संबंधों के वृत्तांत मिल जाते हैं। खजुराहो की प्रेमक्रीडा सम्बन्धी मूर्तियाँ विश्व प्रसिद्ध हैं परन्तु हमारे देश में प्रेम को परिभाषित करने के लिए किसी मूर्ति की आवश्यकता नहीं है। यहाँ तो जन-जन के ह्रदय में प्रेम बसा है। हज़ारों वर्ष पूर्व जनकपुर स्वयंबर में गये श्रीरामचन्द्र जी ने वाटिका में पुष्प चुनने आईं जानकी को देखकर ही उनसे विवाह का निश्चय कर लिया था। राधा और गोपियों संग श्रीकृष्ण की रासलीला सारे जग में प्रसिद्ध है। हिन्दू धर्म में हुए इन दो प्रमुख भगवत अवतारों ने मानव जीवन में प्रेम की महत्ता का प्रसार ही किया। वैसे प्रेम की महत्ता समझने के लिए हमें किसी ग्रन्थ की भी जरूरत नहीं। हमारे यहाँ तो बचपन से लेकर युवावस्था और युवावस्था से वृद्धवस्था तक अगर कोई अनिवार्य भाव है तो वह है प्रेम। यह बसंत ऋतु प्रेम की उस भावना के उद्दवेलन के लिए सबसे अनुकूल है। उत्तरायण के दिन सारे देश में सार्वजानिक रूप से यही होता है। कुछ स्थानों पर विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में किसान इस दिन इश्वर के दरबार में अपनी पहली फसल का प्रसाद चढाते हैं ताकि इश्वर की कृपादृष्टी बनी रहे। युगों पहले हिमांचल के ज्वाला माता गुफा से भिछाटन करते-करते भैरो बाबा के शिष्य गोरखनाथ बाबा गोरखपुर पहुंचे। वहां उनके मंदिर में सदियों से खिचड़ी चढाने की परम्परा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वहां देश के कोने-कोने से लाखों लोग खिचड़ी चढाने जायेंगे। मंदिर परिसर में एक महीने तक मेला चलेगा। कुछ लोग गोरखपुर के इस मंदिर को पूर्वांचल के राजनितिक केंद्र के रूप में भी देखते हैं। ऐसा केंद्र जिसपर विभिन्न कारणों से हिन्दू कट्टरता के आरोप लगते हैं। यह धारणा खिचड़ी मेला के दौरान बेमानी सिद्ध होती है। इस मेला में मुसलमान ही नहीं इसाई भी बड़ी शिद्दत से शिरकत करते हैं। इसी तरह सम्प्रदायिक दंगों के लिए बदनाम गुजरात में भी इस दिन धर्म की दीवारें नज़र नहीं आतीं। यहाँ सुल्तानों के शासनकाल में इस दिन धार्मिक आयोजनों के बाद मनोरंजन के लिए पतंगबाजी की शुरुआत हुई। पतंगबाजी आज परम्परा की शक्ल ले चुकी है। नबाबों के शहर लखनऊ में भी पतंगबाजी जोर-शोर से होती है। भारत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ हिन्दू-मुसलमान-सिख-इसाई-पारसी-बौध-जैन और अन्य धर्मों के बीच मतभेदों के बावजूद सांझी विरासत का एहसास कहीं गहरे व्याप्त है। मकर संक्रांति से इस सांझी विरासत का कोई सीधा सम्बन्ध नहीं परन्तु इस दिन अनायास ही हमें इसका सार्वजनिक प्रदर्शन देखने को मिल जाता है।

शुक्रवार, १ जनवरी २०१०

ऐन एरिया ऑफ़ डार्कनेस


अजय कुमार सिंह
३१ दिसम्बर २००९ की शाम जब पूरी दुनिया पुराने साल की बिदाई और नये साल के स्वागत में जुटी थी। ठीक उसी वक्त सर वी.एस.नायपाल की पुस्तक, 'ऐन एरिया ऑफ़ डार्कनेस' में उल्लिखित 'गोरखपुर', से सटे, होलिया गांव में, कुछ 'सिरफिरे', तेज़ हवाओं के बीच, दीयों की रौशनी से अँधेरा मिटाने पर तुले थे। बामुश्किल १०० किलोमीटर दूर, कहीं नेपाल की पहाड़ियों से आती बर्फीली हवाएं, देह चीर देने को आतुर थीं। गांव का घुप अँधेरा, मिटाए न मिटता था। कईयों ने कहा कि एक तो जानलेवा ठण्ड, दूजे तेज़ हवाएं, दीयों की 'लो', जलने ना देंगी। लेकिन भीड़ से अलग नज़र आने वाला, बिल्कुल श्वेत बालों और श्याम रंग का, एक शख्स, हर चिंता से दूर, मुस्कुराते हुए, सबकी हौसला हाफजई में लगा था। मानो! लछ्य की पवित्रता के एहसास ने, कामयाबी को, 'अवश्यम्भावी' बना दिया हो। एक अद्भुत, अलौकिक एहसास। शोहरत की तमाम बुलंदियां, जिसके आगे, फीकी पड़ जाएँ। ख़ुद की किसी हस्ती का पता ही न चले। कुशीनगर के होलिया गांव के लिए, अँधेरा, कोई नयी बात नहीं। लेकिन २०१० की पूर्वसंध्या पर, मानो! इश्वर ने ख़ुद, यहाँ प्रभात की पहली किरण को, न्यौता भेजा हो। पुरानी कहावत है- अँधेरा, जब सबसे गहरा हो, समझना, सबेरा होने वाला है। 'होलिया' ने, सालों इस सबेरे का इंतज़ार किया है। अंधेरे की आदत ने, वक्त, नामालूम कर दिया है। इसीलिए तो १९७८ से मातम मना रही एन्सेफलाईटिस, आज भी यहाँ, 'नौकी' बीमारी के नाम से, पहचानी जाती है। गांव में, चाय की दुकान पर मौजूद विश्वेश्वर कहता है ,' नौकी बीमारी से हमरे गांव के कई लईके मर गईलें, बाकिर केहू नाही आईल, इतना बरिस में प्रधान-प्रमुख-विधायक बहुत भईलें, सब कर कोठी-बंगला-गाड़ी हो गईल। लेकिन गांव के बच्चन के नौकी बीमारी से बचावे की खातिर केहू कुच्छु ना कईलस।' भोले! विश्वेश्वर को, लगता है आज भी, उसके गांव, बहरूपिये नेताओं की कोई टोली या भ्रष्ट सरकारी मशीनरी के नुमाइंदे आए हुए हैं। वो कहता है,'' पहीले कुछ भोंपू (टीवी चैनल) वाले आइल रहलन। हल्ला भईल रहल, जिनकर लईके मरल बाटें, उनके मुआवजा मिली, चर-चर (चार-चार) हज़ार रूपया। वईसे गांव वालन की खातिर, सरकार, बहुत कुछ भेजे ले। लेकिन प्रधान जी, खाली आपन कोठी, बनवावत बाटें। सब अंधेर नगरी बा। सरकार पूरा ज्वार में टीका लगवईलस। बस यही गांव के, छोड़ दिहलस, अब देखीं, ई डॉक्टर लोग, आईल बाटिन, का होला? कहलें ता बालन, मुआवजा मिली। अब इतना लोगों के बिच्चे में, बात भईल बा, ता देवे के, ता चाहीं।'
दरअसल, विश्वेश्वर सहित, सबको, अगली सुबह का इंतज़ार है। जब दीयों की ये रौशनी, सूरज की विराटता से, शरमा कर, कहीं खो जायेगी और दिन के उजाले में , डॉक्टर आर.एन.सिंह इस गांव में, अपनी प्रस्तावित योजना, 'नीप' ( एन्सेफलाईटिस उन्मूलन अभियान) के दसों सूत्र, एक साल के लिए, लागू करेंगे। गांववालों के बीच, इन दस में से, एक- मुआवजे के सूत्र की, सबसे ज्यादा चर्चा है। दो महीने पहले, जब नीप के चीफ प्रचारक आर एन सिंह ने, इस गांव में आकर और प्रेस कांफ्रेंस कर, पहली बार नीप ग्राम योजना का एलान किया । ठीक तभी से, गांव में उनकी भलमनसाहत और नेकदिली के साथ, मुआवजे की चर्चा भी, शुरू हो गई थी। आज गांव वालों के लिए, आर.एन.सिंह की परख की, पहली कसौटी भी वही है। सबको देखना है- वाकई मुआवजा मिलता है! या फ़िर, जैसा हमेशा होता है, वैसे ही, इस बार भी, घोषणा के बाद, ऊपर ही ऊपर ही, बंदरबांट हो जाएगी। ये मुआवजा, आख़िर क्यों दिया जा रहा है? कौन दे रहा है? नीप क्या है? और क्या नीप के तहत सिर्फ़ मुआवजा ही दिया जाना है? गांव वालों के लिए, फिलहाल, इन प्रश्नों का, कोई मतलब नहीं। पहले तो देखना है, शहर से आठ-दस गाड़ियां, डाक्टरों और 'भोपू' वालों को लेकर आया, यह शख्स, वादे के मुताबिक़, रूपया देता है, या नहीं। पहले रूपया मिले, फ़िर ही, आगे बात होगी। वरना तो, सब झूठों में, ये एक, 'नया' झूठा। गांव वालों की रात, बेचैनी में कटी। प्रसिद्ध नाटककार, लेखक और लोकगायक हरी प्रसाद सिंह की स्वरलहरियां भी, इस बेचैनी को, दूर नहीं कर पायीं।
ये रात, डाक्टर सिंह की टोली में शामिल, हम २५-३० जनों के लिए भी, एक नया तजुर्बा थी। दूसरे पहर, हमारी टोली, अपनी विश्रामस्थली, होलिया से करीब तीन किलोमीटर दूर, पिपराईच कस्बे के, अग्रवाल धर्मशाला पहुँची। इस धर्मशाला में, पहुँचते ही मैंने, ईटीवी के ब्यूरो चीफ रोहित सिंह से कहा, 'पहले बड़े लोग, वाकई, बड़े हुआ करते थे। वरना आज के जमाने में, गांव का, कौन धन्नासेठ, पाँच-छः हज़ार वर्गफीट जमीन पर, पन्द्रह-बीस लाख की लागत से यूँ धर्मशाला बनवाकर, समाज के हवाले कर देगा।' जबाब में, रोहित सिंह ने कहा,'आजकल लालाओं का दिल, अपनी बीबियों को, बर्थडे पर दिए तोहफे, मसलन, मालाबार हिल्स पर कोई बंगला या पर्सनल एयरक्राफ्ट से, मापा जाता है।'
हमारी टोली के मुखिया डाक्टर आर.एन.सिंह, बाकी युवा सदस्यों से, ज्यादा उत्साहित, अपने काम में, जुटे थे। 'इस कमरे में चारपाईयां बिछाओ , उधर गद्दे ले जाओ, अरे लिट्टी-चोखा में अभी कितनी देर है, कुछ आग तापने का इंतजाम हो सकता है क्या?' तभी डाक्टर सिंह की असली ताकत, उनकी बहन स्नेह सिंह एक प्लेट में, कुछ नमकीन -बिस्किट और काजू की बर्फियां लेकर आयीं। दोपहर से ही गांव में लगे रहने के चलते, पूरी टोली भूखी थी। ठण्ड के मारे, जान निकल रही थी। सब रजाइयों में घुसकर, जल्द से जल्द, सो जाना चाहते थे। लेकिन हमारे कमरे में, चूंकि टोली का, सबसे 'अशांत' शख्स, मौजूद था, इसलिए भोज़न के बाद, अगला पहर भी, बहस-मुहबिसे में गुज़रा। जब उस अशांत शख्स ने, हमे (मुझे और रोहित सिंह को) सोने की इज़ाज़त दी, जाने क्या वक्त हुआ था। लेकिन सुबह साढ़े पाँच बजे से भी पहले, 'गुड मोर्न्निंग बोथ ऑफ़ यू एंड विश यू अ वैरी हैप्पी न्यू इयर' जैसे शब्द, कानो में गूंजने लगे। याद आया, ' कभी मेरे पापा, यूँ ही सुबह-सुबह जगाते, तो ना चाहते हुए भी, बिस्तर से तुरंत बाहर, आना ही पड़ता था।' डाक्टर सिंह ने चेताया 'जल्दी से फ्रेश हो लें, नहीं तो, पानी चला जाएगा।' हमने एक नज़र उन्हें देखा, 'आप सोये कब?', 'यकीन मानिए! मैंने नीद भी पूरी की और फ्रेश भी हो लिया।' डाक्टर सिंह का जबाब था। रोहित सिंह और मैं, अब जल्द से जल्द, गांव पहुंचना चाहते थे। डाक्टर सिंह ख़ुद बेचैन थे। उन्होंने आज ख़ास तौर पर, पहली बार, सफ़ेद कुरता पैजामा और उसपर, भूरी 'गांधियन' जाकेट, पहनी थी। बरामदे में, चहलकदमी करते हुए, स्नेह सिंह को, प्रेस रिलीज़ के लिए, डिकटेशन देते वक्त, बार-बार उनका ध्यान, भटक जाता था। मन में, गांव पहुँचने की, जल्दी थी। लेकिन उतनी ही शिद्दत से, रोहित सिंह को, पाँच सालों से चल रहे, अपने काम का, लेखा-जोखा भी, दिखाना चाहते थे। फाइल में, कागजों का पुलिंदा। हर कागज़, ख़ुद में, एक कहानी समेटे। डाक्टर सिंह, क्या दिखाएँ-क्या छोड़ें ! कोई भी, उनकी बेचैनी देखकर, ताज्जुब कर सकता है- आख़िर बच्चों का ये डाक्टर, ६० की उमर में, छह बरस के बच्चे जैसी, 'उत्सुकता', कहाँ से लाता है।
बाबा भोलेनाथ ने, होलिया के मुहाने पर, डेरा जमा रखा है। २०१० की पहली सुबह - पहला काम, हमने वहीं, मत्था टेकने का किया। गांव में, उस समय तक, नीप का पांडाल, लग चुका था। ९ डिग्री सेल्सियस, तापमान के बीच, शरीर कंपा देने वाली, ठंडी हवाएं, अभी भी, चल रही थीं। हरी प्रसाद सिंह मंच संभाल चुके थे। लेकिन पांडाल में गांववाले, इक्का-दुक्का ही थे। हमारी टोली पहुँची, तो थोड़ी देर बाद, गोरखपुर से डाक्टर वीणा, डाक्टर मनीष, व्यापारी बालानी, लहरी और श्रीनाथ अग्रवाल भी, पहुँच गये। उनके साथ, गोजेऐ के अध्यछ रत्नाकर सिंह, महामंत्री मुमताज़ खान, सहारा समय के ब्यूरो चीफ शक्ति श्रीवास्तव, एसपी सिंह सहित, कई पत्रकार भी थे। इन सबके लिए, नये साल की ऐसी शुरुआत, बेहतर थी। गांव की एक चाय की दुकान पर, गोजेऐ अध्यछ रत्नाकर सिंह ने दार्शनिक अंदाज़ में सवाल उछाला, 'इस दौर में, एक पत्रकार को अपने कैरीएर में, कितनी बार, ऐसा मौका मिलता है, जब वो जनसरोकार से जुड़े, ऐसे किसी मुद्दे पर, लेखनी से इतर, कुछ काम कर सके ?'

चाय के बाद, हम पांडाल में लौटे, तो वहां, भाषणों का सिलसिला, चल पड़ा था। डाक्टर सिंह के साथ, कुछ साथी, गांव में फोगिंग कर रहे थे। वे भी, थोड़ी देर में लौट आए। अब पांडाल, खचाखच भरा था। गांववालों का बहुप्रतिछित 'मुआवजा', अब बंटने जा रहा था। तभी, मंच पर संजू आई। संजू! जिसे एन्सेफलाईटिस की बीमारी ने, उम्र भर के लिए, विकलांग बना दिया। जो अब, न ठीक से, बोल सकती है न ही, दूसरा कोई काम, कर सकती है। लिस्ट में मुआवजे के लिए, संजू का नाम नहीं था। लेकिन वो बोली, तो सबकी आँखें नम। सब, साँस बांधे, सिर्फ़ उसे ही सुनते रहे। माईक पर, आर.एन.सिंह का गला भी, रुंध गया। व्यापारी बालानी से, रहा नहीं गया। एलान कर दिया, ' इस लड़की की पढ़ाई-लिखी-शादी-ब्याह, सबका जिम्मा मेरा।' गांव में एन्सेफलाईटिस से मरे, चार बच्चों के माँ-पिता को, चार-चार हज़ार रूपया, बतौर मुआवजा, दिया गया। इसी बीच, सचिदानंद सिंह का नाम, पुकारा गया। जिनके एकलौते भतीजे को भी ये बीमारी, लील गयी थी। सचिदानंद सिंह ने, मुआवजा लेने से, इनकार कर दिया। उन्होंने कहा,' ये मुआवजा, किसी और, जरूरतमंद को दे दो। बल्कि गांव में सफाई के काम के लिए, जो खर्च हो, वो भी, मुझसे ले लो। लेकिन काम होना चाहिए।' सचिदानंद सिंह की दिलेरी ने सबका मन मोह लिया। तब तक १२ बज चुके थे। मुझे आज ही वापस लखनऊ लौटना था। सो! मैंने जल्दी-जल्दी डाक्टर सिंह से विदा ली और रोहित सिंह और अखिलेश के साथ, गोरखपुर के लिए निकल पड़ा। रास्ते भर, हमारे बीच यही चर्चा होती रही। क्या होलिया का अभियान सफल होगा? क्या सरकार को वहां फोगिंग करने, सूअरबाड़ों का प्रबंधन करने, सूरज की किरणों से पानी शुद्ध करने, मच्छरदानियों का इस्तेमाल करने और मुआवजा बांटने का मर्म, समझ आएगा? और सबसे बढ़कर, क्या सरकार, होलिया के बाद, एन्सेफ्लाईटिस उन्मूलन की, कोई योजना, लागू करेगी? ताकि, होलिया की तरह, एन्सेफलाईटिस प्रभावित, सभी इलाकों का, 'अँधेरा', दूर हो सके।






क्रमशः

सोमवार, २८ दिसम्बर २००९

मानो या ना मानो हम सब बेहया है

अजय कुमार सिंह

कोटला में घटिया पिच की वजह से मैच रद्द करना पड़ा तो केन्द्र सरकार को हरियाणा के 'घटिया' पूर्व डीजीपी एसपीएस राठौर से राष्ट्रपति मेडल वापस लेना पड़ा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे और अभी आंध्र प्रदेश के लाट साहब पूरी जवानी नहीं पकड़ाए लेकिन बुढ़ापे में वही हरकतें छीछालेदर का कारण बन गईं। सत्ता लोलुप भाजपाइयों ने सिबू सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने का एलान कर दिया तो चार सौ से ज्यादा करोड का घोटाला करके भी मधु कोड़ा अपनी बीबी के साथ चुनाव जीत गए। क्या अब भी कोई कसर बाकी है ये साबित करने के लिए कि हम सब भारतवासी बेहयाई के मामले में बिल्कुल भाई-भाई हैं। मानो या ना मानो-हम सब बेहया हैं भाई। अमेरिका ने हमे अच्छा पहचाना। तभी तो हेडली के मामले में भी साफ-साफ कह दिया कि कम से कम दो सौ साल बाद वो हेडली को भारत के हवाले करने के बारे में सोचेगा। हम हैं ही इसी लायक। क्या आपको याद है कि पुरुलिया में विमान से हथियार गिराने वालों में से एक अमेरिकी नागरिक को हमने अमेरिका के एक इशारे पर बाइज्ज़त छोड़ दिया था। लेकिन अमेरिका को क्या पड़ी है कि हमारे मुंबई में २६ नवम्बर २००८ को तबाही मचाने की साजिश में शामिल हेडली को हमारे हवाले करे। हम ही कौन सा उसे तब पकड़ पाए जब वो मुंबई से लेकर गोवा और दिल्ली तक लड़कियों के साथ घूमता रहा। भारतियों को अमेरिका से भगाने सम्बन्धी ओबामा के विचारों से भला कौन नहीं वाकिफ। लेकिन ओबामा राष्ट्रपति क्या बने हमारे यहाँ ७० साल के मुलायम और ५३ साल की मायावती भी ख़ुद को 'उभरता हुआ ओबामा' बताने लगीं। कुछ ही दिन हुए जब ओबामा चाइना गये और मुह फाड़कर बोल आये कि चाइना को कश्मीर के मसले पर मध्यस्थता करनी चाहिए "। चाइना ने लद्दाख में जरा सी गर्मी दिखाई और नरेगा के तहत बन रही सड़क रूक गई। एक न्यूज़ चैनल पर मैंने देखा, 'ड्रैगन हमारी सड़क से डर गया।' क्या अब भी यकीन नहीं होता कि हम सब बेहया हैं तो आईये देखिये कि किस तरह मुंबई एटीएस के पूर्व प्रमुख हेमंत करकरे की शहादत का सच सामने ना आने पाए इसलिए उनकी बुलेट प्रूफ जाकेट गायब कर दी गई। किस तरह एक सफाई कर्मचारी ने अदालत में कहा कि उसने ये जाकेट कूड़ेदान में दाल दी थी। आइये जाने कि किस तरह जेसिका लाल का हत्यारा मनु शर्मा दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीछित की मेहरबानी से पैरोल पर छूटा और फ़िर अय्याशी में भिड गया। जरा जानिए कि कैसे सीबीआई ने निठारी में छोटे-छोटे बच्चों से दुष्कर्म करके उन्हें कुकर में पका कर खा जाने वाले ड्रैकुला मोहिंदर सिंह पंधेर को बचा लिया। इसीलिए ना क्योंकि पंधेर एक दिन में एक लाख से ज्यादा रुपये कमाता है। अब भी अगर आपको हम सब के बेहया होने पर शक हो तो आज़ादी के बाद से आज तक बने जांच आयोगों की कथनी-करनी पर नज़र डाल लीजिये। अरे दूर क्यों जाते हैं अपने काले चश्मे वाले लिब्राहन साहब को देखिये ना। कैसे सालों अयोध्या काण्ड की जाँच के नाम पर दाना-पानी उठाते रहे और जब रिपोर्ट दी तो उसमे अयोध्या काण्ड के बजाये किष्किन्धा काण्ड का विवरण था। पता ही नहीं चला कि कौन कहाँ कूदा, किसने किससे क्या कहा और आखिरकार जो कुछ हुआ वो किसके कर्म या कुकर्म का प्रतिफल था। हरी अनंत हरी कथा अनंता। हमारी बेहयाई के नमूनों की कोई कमी नहीं। हर प्रदेश , हर जिला, हर मोहल्ले और हर गाँव में हमारी बेहयाई के बेशुमार नमूने बिखरे पड़े हैं। गोरखपुर मंडल में एन्सफ्लाईटिस से पिछले ३१ सालों में ५० हज़ार से ज्यादा बच्चे मर गए। विश्व बैंक गोबर की खाद वाली उसी जैविक खेती के लिए एनजीओज को अरबों रुपये अनुदान-क़र्ज़ दे रहा है जो सदियों से हमारी परम्परा में शामिल रहा है। श्वशुर पतोहू की कौन कहे बाप-बेटी, भाई-बहन के रिश्ते कलंकित हो रहे हैं। क्या अब भी कोई सबूत बाकी है कि हम सब बेहया हैं। अगर आपको अब भी कोई सुबह हो तो ३१ दिसम्बर की रात किसी भी शहर के किसी भी होटल में चले जाइएगा । बावजूद इसके कि हमारे यहाँ ७० फीसदी लोग भूखे-नंगे हैं बड़ी बेहयाई हममे से ३० फीसदी भरे-पूरे लोग एक-एक सीट बुक कराने के लिए हज़ारों खर्च करते नज़र आ जायेंगे। ऐसी जगहों पर बच्चे-बूढ़े-जवान हर उमर के लोग अधनंगी नाचती लड़कियों को देखकर मस्ती में झूमते नज़र आ जायेंगे। उनकी हरकतें देखकर शायद आपको यकीन हो जाए कि हम सब बेहया हैं।

शुक्रवार, २५ दिसम्बर २००९

रिपोर्टर-एंकर-एडिटर कंडोम नहीं होते

अजय कुमार सिंह
कभी ईटीवी में साथी रहे वीओआई के सीनिअर प्रोड्यूसर अशोक उपाध्याय ऑफिस में काम के दौरान ही मौत की नींद सो गये। कहने वाले कह रहे हैं कि इसके लिए वीओआई में जन्म से ही मची उथलपुथल जिम्मेदार है। यह बिल्कुल सही भी है। अशोक जी के बारे में ये कहा जाता है कि वे बेहद अंतर्मुखी थे। अपने काम से काम रखते, बुरे से बुरे हालत में भी धैर्य नहीं छोड़ते , बल्कि साथियों को सान्तवना देते थे। अशोक जी अपने पीछे पत्नी और 11साल का एक बेटा छोड़ गये है। वीओआई के नए प्रबंधन ने उनके परिवार को पाँच लाख रुपये तत्काल देने का एलान किया है। वीओआई के चैयरमेन अमित सिन्हा ने भरोसा दिलाया है कि दुःख की इस घड़ी में पूरा वीओआई परिवार अशोक जी के परिवार के साथ है। अशोक जी के बाद उनके परिवार के लिए इसके सिवा भला कोई और कर भी क्या सकता है। और फ़िर सच तो ये है कि कोई कुछ भी कर ले अब ना तो अशोक जी कभी लौटेंगे और ना ही उनके बीबी बेटे की जिंदगी का खालीपन कभी भर पायेगा। जो नुक्सान होना था वो हो चुका है। अब तो सिर्फ़ जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश भर हो सकती है। अशोक जी जब हैदराबाद में थे तब मैं भी अक्सर मीटिंग के लिए वहां जाया करता था। हैदराबाद में उडीसा, बंगाल, कर्नाटक, महारास्त्र, मध्ये प्रदेश, गुजरात और देश के लगभग सभी जगहों से लोग होते थे।
उनमे से कई मुझे इस वजह से पहचानते थे क्योंकि मेरी खबरें चर्चित और पीटीसी ज़ोरदार हुआ करती थी। लेकिन अशोक जी को मैं पहचानता था क्योंकि वो ईटीवी के अच्छे एंकरों में थे। अशोक जी से कभी लम्बी बातचीत का मौका नहीं आया लेकिन उनकी ख़ुशमिज़ाजी का एहसास उन्हें देखकर ही लग जाता था। मुस्कुराते अशोक जी को देखकर लगता था जैसे पत्रकारिता के उतार चढाव से अच्छी तरह वाकिफ होंगे और लंबे कैरिएर में सारा तजुर्बा हासिल कर चुके होंगे। अशोक जी ने ईटीवी मेरे कुछ दिन बात ही छोड़ा। मैं लखनऊ में था। वे हैदराबाद में। हम दोनों एक ही चैनल में थे। चैनल छोड़ने के पीछे दोनों का मकसद भी एक ही था, कैरीएर में बेहतरी। लेकिन ना उन्हें मेरे बारे में मालूम था ना मुझे उनके बारे में। दरअसल ईटीवी में हम जैसे कई लोगों ने उसी अंतराल में चैनल छोड़ा था। ज्यादातर ने वीओआई ज्वाइन किया और मैंने इंडिया न्यूज़। वीओआई में हालात बहुत ख़राब रहे। लगातार बुरी खबरें आती रहीं। पिछले लोकसभा चुनाव के आते-आते तो हालात कई जगह ख़राब हो गए। अशोक जी को देखकर इतना नहीं लगता था लेकिन आज लगता है कि अशोक जी बेहद संवेदनशील रहे होंगे। वैसे संवेदनशील तो ईटीवी छोड़ने वाले हममे से ज्यादातर हैं। लेकिन मुझमे अशोक जी जितनी सहनशीलता नहीं है। वैसे मैं यह भी मानता हूँ कि दुनिया में कोई भी ऐसी चीज़ नहीं जिसके लिए चार दिन की इस जिंदगी को मनहूस बना लिया जाए। खूब काम करना, इमानदारी बरतना , बड़ों की इज्ज़त करना, अनुशासन का पालन करना और संगठन की अपेछाओं से ज्यादा देना, मेरे खून में हैं। लेकिन इन सबसे अलग मेरे अन्दर की एक अलग दुनिया है जहाँ बाहर का कोई दखल नहीं। बस मेरे लिए यही मेरी सीमा है। अपने काम और कैरीएर के प्रति बेहद गंभीर हूँ। लेकिन अगर काम अन्तरचेतना को प्रभावित करने लगे तो। अगर ना चाहते हुए भी आपका पाला अगंभीर, बिशुद्ध लम्पटों से पड़ जाए तो। क्या करेंगे आप। या तो समझौता करेंगे या कहीं और जगह तलाशेंगे या फ़िर लड़ पड़ेंगे। एक चौथा रास्ता भी है कि ख़ुद को इन सबसे किनारे कर कोई नया रास्ता बनायेंगे। भाई मैं कहता हूँ आप इनमे से कोई रास्ता अपनाईये लेकिन कृपा करके अन्दर ही अन्दर घुटिये मत। अशोक जी ने शायद यही किया। वरना ४२ साल की उमर कोई मरने की नहीं होती। हम जब ईटीवी में थे तो ईनाडु जर्नेलिज्म स्कूल में वर्कशॉप होती थी। जहाँ हमें तनाव को ख़ुद पर हावी ना होने देने की ट्रेनिंग दी जाती थी। बताया जाता था कि मीडिया में जो कुछ नहीं करता वो दूसरों को तनाव देता है। लेकिन आपके लिए आपकी जिंदगी से बढ़कर कुछ भी नहीं। ये नौकरी आख़िर तभी तक है जब तक आप हैं। और तभी तक आप अपने बीबी-बच्चों का पेट भी पाल पा रहे हैं। आप ख़त्म सब ख़त्म। मैयत के बाद कोई नहीं आता आपके बच्चे की फीस भरने। कोई नहीं पूछता कि आपके घर वाले किस हाल में हैं। मैंने सुना कि एनडीटीवी ने कभी अपने रिपोर्टर-कैमरामैन को हेलमेट दिया था। देश में जरूर कुछ ऐसे संगठन हैं जो अपने कर्मचारियों को इंसान समझते हैं। लेकिन ज्यादातर तो अपने रिपोर्टर-कैमरामैंन-एंकर-कॉपी एडिटर को कंडोम समझते। काम करते-करते या ख़ुद फट जाओगे या निकाल कर फैंक दिए जाओगे। जाहिर है आप कंडोम नहीं बनाना चाहते। तो फ़िर अपने अंतर्चेतना को जगाये रखिये, कोई उसे छेड़े तो उसे तुरंत छोड़िये। विकल्प ना हो तो भी फट जाने तक बर्दाश्त करने के बजाये, वक्त रहते दूसरी राह तलाशिये, वरना अशोक जी कोई अपवाद नहीं हैं। हममे से कोई भी उन जैसा हो सकता है।

बुधवार, २ दिसम्बर २००९

होलिया चलो




अगले साल यानि २०१० की शुरुआत बेहतर ढंग से करने के लिए हम सब एक जनवरी को कुशीनगर और गोरखपुर की बिल्कुल सीमा पर स्थित होलिया गांव जा रहे हैं। वहां हमें श्रमदान करना है लेकिन उसका रूप क्या होगा ये वहीँ जाकर पता चलेगा। एन्सेफलाईटिस उन्मूलन अभियान के चीफ कम्पेनर डॉ आर.एन.सिंह ने इससे ज्यादा ना तो कुछ बताया है और ना ही हमने पूछा है। मोबाइल पर बस इतनी ही बात हुई है कि चाहे धरती इधर से उधर हो जाए एक जनवरी २०१० को होलिया गांव पहुंचना है। डॉक्टर सिंह एक बार पहले भी हमें वहां ले जा चुके हैं। इस गांव में एन्सेफलाईटिस से कुछ बच्चों की मौत हो गई थी। होलिया पहुंचकर हमें पता चला था कि सरकार ने सन २००६ में जब पूरे पूर्वांचल में टीके लगवाने का दावा किया तब ना जाने क्यों इस गांव को छोड़ दिया। गांव के हालत देखकर साफ लगता है कि यहाँ कभी भी कोई भी बीमारी आसानी से पांव फैला सकती है। लेकिन अब डॉक्टर आर.एन.सिंह ने इस गांव को एन्सेफ्लाईटिस से मुक्त कराने का बीड़ा उठाया है। डॉक्टर सिंह यहाँ हर वो बात लागू करने वाले हैं जो वे पूरे देश में सरकार से लागू करवाना चाहते हैं। शुरुआत एक जनवरी से होगी। इस क्रम में होलिया के अलावा महाराजगंज का भी एक गांव डॉक्टर सिंह ने चुना है। आश्चर्य है.....पता नहीं किस बूते डॉक्टर सिंह दावा करते हैं कि अब इन गांवों में एन्सेफलाईटिस से एक भी बच्चा मरने नहीं पायेगा। जापानी एन्सेफलाईटिस के मच्छरों से बचाव के लिए डॉक्टर सिंह यहाँ फोग्गिंग करवाएंगे तो जलजनित एन्सेफलाईटिस से बचाव के लिए सूर्य की किरणों से पानी को शुद्ध करने की देशी तकनीक भी आजमाएंगे। गांव में एन्सेफलाईटिस मरीजों के लिए एक एम्बुलेंस भी होगी और जिन बच्चों की पहले मौत हो चुकी है उनके माँ -बाप को मुआवजा भी दिया जाएगा। लेकिन इन सबके के लिए धन कहाँ से आएगा। डॉक्टर सिंह इस सवाल का जबाब आध्यात्मिक अंदाज में देते हैं, "जिसका कोई नहीं उसका खुदा है यारों"। वैसे छपाक के सूत्रों से पता चला है कि डॉक्टर सिंह ने इस काम के लिए अपने परिवार की आमदनी का एक हिस्सा निकाला है और अपने शुभ चिंतकों को कुछ जिम्मेदारियां बांटी हैं। बहरहाल मुझ जैसे फक्कड़ से उन्होंने सिर्फ़ कुछ श्रमदान करने को कहा है जो हम जरूर करेंगे।

हिन्दी में लिखिए

भारत मैं नक्सल समस्या का समाधान कैसे होगा

समर्थक

ब्लॉग आर्काइव